UP Weather Today : अभी जारी रहेगा ठंड का सितम, उत्तर प्रदेश के इन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
UP Weather Today पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहेगा। चार और पांच जनवरी को लखनऊ में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। पांच जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। 6 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 9 जनवरी तक रात और सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।
UP Weather Update Today
लखनऊ। अभी ठंड का सितम जारी रहेगा। कुछ जिलों में घना कोहरा पड़ेगा। विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहेगा। चार और पांच जनवरी को लखनऊ में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। रात के तापमान में गिरावट से गलन बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पांच जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना है। पांच जनवरी को वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़ और मऊ सहित कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को धीमी गति और फाग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
![UP Weather](https://nbaplayersnetworth.com/wp-content/uploads/2025/01/6771422f150cb-up-weather-update-293553844-16x9-1.jpeg)
वहीं 6 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पूरे प्रदेश में 9 जनवरी तक रात और सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। कहीं-कहीं घना कोहरा भी रहेगा। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि सर्द हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान अयोध्या में रहा जहां अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान कानपुर नगर व इटावा में सबसे कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानी डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि 2 दिनों तक यूपी के ज्यादातर इलाको में कोल्ड डे रहने की संभावना है। दिनाें तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी होने की संभावना है।
इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
बांदा, प्रयागराज, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अमरोहा जैसे कई जिलों में आज घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास व उससे नीचे आ गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 10 से नीचे आ चुका है।