Gold-Silver Price Crash: दो दिन में ₹26,000 टूटी चांदी, सोना भी ₹3000 सस्ता

Gold-Silver Price Crash: दो दिन में ₹26,000 टूटी चांदी, सोना भी ₹3000 सस्ता

सोना और चांदी की कीमतों में अचानक आई बड़ी गिरावट ने निवेशकों और सर्राफा बाजार को चौंका दिया है। कुछ दिन पहले तक रिकॉर्ड तेजी दिखाने वाली कीमती धातुएं अब तेजी से फिसल रही हैं। इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद जिस तरह बाजार में उछाल आया था, अब उसी तेजी पर अचानक ब्रेक लग गया है।

शुक्रवार को Multi Commodity Exchange of India यानी MCX पर कारोबार शुरू होते ही चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। 3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी गुरुवार को जहां 2,91,102 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, वहीं शुक्रवार सुबह खुलते ही इसका भाव गिरकर 2,73,636 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। यानी एक ही दिन में चांदी करीब 17,466 रुपये सस्ती हो गई।

अगर पिछले दो दिनों का आंकड़ा देखें तो चांदी में कुल 26,602 रुपये प्रति किलो की गिरावट आ चुकी है। 13 मई को तेजी के दौरान चांदी 3,00,238 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, लेकिन अब इसमें लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है।

चांदी के पुराने रिकॉर्ड की बात करें तो जनवरी में इस धातु ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। इसके बाद यह 4,57,328 रुपये प्रति किलो के लाइफ टाइम हाई तक पहुंची थी। मौजूदा गिरावट के बाद अब चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 1,83,692 रुपये प्रति किलो नीचे आ गई है।

सिर्फ चांदी ही नहीं, सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। MCX पर 5 जून एक्सपायरी वाला सोना गुरुवार को 1,61,978 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन शुक्रवार को इसका भाव गिरकर 1,58,852 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। यानी 24 कैरेट सोना एक झटके में 3,126 रुपये सस्ता हो गया।

सोना भी अपने रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे कारोबार कर रहा है। MCX पर गोल्ड का लाइफ टाइम हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है। मौजूदा कीमत के हिसाब से सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 44,132 रुपये सस्ता मिल रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में मुनाफावसूली, इंपोर्ट ड्यूटी के असर और वैश्विक संकेतों के चलते सोना-चांदी में यह गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार और डॉलर की चाल के आधार पर कीमतों में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Leave a Comment