विद्यालयों के शिक्षकों ने उठाई स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग
प्रयागराज से बड़ी खबर अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने सत्र 2026-27 के लिए स्थानांतरण प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग उठाई है। शिक्षकों का कहना है कि अब तक स्थानांतरण संबंधी आदेश जारी नहीं होने से उनमें निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।
शुक्रवार को शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज में माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के पदाधिकारियों ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) मनोज कुमार द्विवेदी को माध्यमिक शिक्षा निदेशक के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
संघ के प्रदेश संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी विभागों में 31 मई 2026 तक वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद एडेड माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत हजारों शिक्षक अभी तक स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि स्थानांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से जल्द शुरू किया जाए, ताकि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा, प्रदेश आय-व्यय निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, मंडलीय मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह सहित लालमणि यादव, विजय प्रकाश विरोधी और वीरेन्द्र कुमार कुशवाहा समेत कई शिक्षक नेता मौजूद रहे।