यूपी के स्कूलों में नए शैक्षिक सत्र से लागू होगा नया नियम, बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों की पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। सरकार ने सभी जिलों को निर्देश जारी करते हुए स्कूलों में ‘रीडिंग आवर’, ‘समाचार-पत्र पठन’ और ‘ड्राप एवरीथिंग एंड रीड (DEAR)’ गतिविधियों को प्रभावी रूप से लागू करने को कहा है।
प्रदेश सरकार का मानना है कि नियमित पढ़ाई से बच्चों की भाषा क्षमता, तार्किक सोच, संवाद कौशल और रचनात्मक अभिव्यक्ति मजबूत होगी। इसी उद्देश्य से स्कूलों में अब केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित शिक्षा नहीं दी जाएगी, बल्कि बच्चों को अतिरिक्त पुस्तकें पढ़ने और लेखन गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा।
स्कूलों में क्या-क्या होगा नया?
रोजाना “रीडिंग आवर” आयोजित किया जाएगा
प्रार्थना सभा में समाचार वाचन कराया जाएगा
विद्यार्थियों को अखबार और पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा
लेखन प्रतियोगिता और पुस्तक समीक्षा कराई जाएगी
समाचार आधारित लेखन गतिविधियां आयोजित होंगी
कहानी लेखन और रचनात्मक अभिव्यक्ति पर जोर दिया जाएगा
‘सुपर-20’ और ‘सुपर-30’ चैलेंज भी जारी
सरकार ने प्राथमिक स्तर पर “सुपर-20” और उच्च प्राथमिक स्तर पर “सुपर-30” रीडिंग चैलेंज को भी आगे बढ़ाने का फैसला किया है। तय संख्या में पुस्तकें पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
सबसे अधिक पुस्तकें पढ़ने वाले विद्यार्थियों को “चैंपियन रीडर ऑफ द इयर” पुरस्कार भी दिया जाएगा।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
इस संबंध में अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा Parth Sarathi Sen Sharma ने सभी डायट प्राचार्यों, एडी बेसिक, बीएसए और बीईओ को अभियान को गंभीरता से लागू कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Sandeep Singh ने कहा कि सरकार बच्चों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रही है और पढ़ने की आदत से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और सोचने-समझने की क्षमता बेहतर होगी।