प्रदेश में आँधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि एवं भारी वर्षा की संभावना, देखें जिलावार मौसम का अलर्ट
उत्तर भारत के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने अगले 20 घंटे के अंदर 15 राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गर्मी से भट्टी की तरह तप रहे दिल्ली, राजस्थान और यूपी-बिहार में हल्की लेकर तेज बारिश तक हो सकती है, जिसके बाद गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है। कई राज्यों में तापमान भी कम हो सकता है।
इस बीच केरल में मानसून ने भले ही अपने आगमन की अपेक्षित तारीख 26 मई को दस्तक नहीं दी, लेकिन यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ अन्य हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में और आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिन के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पश्चिम एवं दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने वाला है।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर (28 से 31 मई): अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिरने की संभावना है। 28 मई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। हल्की बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 29 मई को बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश, गरज-चमक और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 मई को भी बादल छाए रहने, हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 31 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी (28 से 31 मई): वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर और आसपास के जिलों में 28 से 31 मई के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना। 29 मई को कई जिलो में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि होने की संभावना है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार (28 से 29 मई): उत्तर मध्य, उत्तर-पूर्व एवं दक्षिण-पूर्व भागों के अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान है। पटना मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। इसके अलावा अगले 5 दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।