जनगणना में लापरवाही पड़ी भारी, 411 कर्मचारियों की सैलरी रुकेगी; FIR की तैयारी
आगरा नगर निगम प्रशासन ने जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। ड्यूटी मिलने के बावजूद कार्य में रुचि नहीं लेने वाले 411 कर्मचारियों का वेतन रोकने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में संबंधित विभागाध्यक्षों को पत्र भी भेजे जा रहे हैं।
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को लेकर लगातार निर्देश और चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद कई कर्मचारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम प्रशासन की ओर से समय-समय पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सुपरवाइजरों और प्रगणकों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश भी दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ कर्मचारी कार्य में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे 411 कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली है और अब उनके वेतन रोकने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
अभी भी सैकड़ों कर्मचारियों ने नहीं ली ड्यूटी
नगर जनगणना अधिकारी के अनुसार अभी भी लगभग साढ़े तीन सौ कर्मचारी ऐसे हैं जिन्होंने अब तक अपनी ड्यूटी तक प्राप्त नहीं की है। प्रशासन ने इसे बेहद गंभीर माना है। इन कर्मचारियों के खिलाफ अब जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन का साफ कहना है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों की लगातार निगरानी की जा रही है और जो भी कर्मचारी निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन सख्त
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में से एक है। इससे सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संसाधनों के वितरण की सही तस्वीर सामने आती है। ऐसे में कर्मचारियों की लापरवाही पूरे सिस्टम को प्रभावित कर सकती है।
इसी कारण अब प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्य कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जो कर्मचारी ईमानदारी से अपना कार्य कर रहे हैं उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, लेकिन लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कर्मचारियों में बढ़ी हलचल
वेतन रोकने और FIR दर्ज कराने की तैयारी की खबर सामने आने के बाद कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई है। कई विभागों में कर्मचारियों ने तुरंत अपनी ड्यूटी की जानकारी लेना शुरू कर दिया है। प्रशासन को उम्मीद है कि सख्ती के बाद जनगणना कार्य में तेजी आएगी और सभी कर्मचारी समय पर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।