डिमांड: शिक्षकों की भांति शिक्षामित्रों को भी शिक्षक पात्रता परीक्षा कराया जाए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कार्यरत शिक्षा मित्रों के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) आयोजित कराने की मांग एक बार फिर उठी है। इस संबंध में आदर्श समायोजित शिक्षामित्र शिक्षक मित्र वेलफेयर एसोसिएशन (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश मंत्री उमेश कुमार पाण्डेय ने 18 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि वर्ष 1999-2000 से प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत लगभग एक लाख शिक्षा मित्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में आयु अधिक होने के कारण शामिल नहीं हो पा रहे हैं। जबकि अधिकांश शिक्षा मित्र शिक्षकों की तरह स्नातक (Graduation) एवं बीटीसी (BTC) जैसी आवश्यक शैक्षिक योग्यताएं पूरी कर चुके हैं।
प्रदेश मंत्री उमेश कुमार पाण्डेय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि शिक्षा मित्रों को लगभग 26 वर्षों का शिक्षण अनुभव प्राप्त है। ऐसे में उनके लंबे अनुभव और सेवाओं को देखते हुए शिक्षकों की भांति उनके लिए भी विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित कराई जानी चाहिए, ताकि उन्हें आगे समायोजन और सेवा संबंधी अवसर प्राप्त हो सकें।
शिक्षा मित्रों का कहना है कि यदि सरकार उनके लिए विशेष TET आयोजित करती है, तो लंबे समय से सेवा दे रहे हजारों शिक्षा मित्रों को इसका लाभ मिल सकेगा। अब इस मांग पर प्रदेश सरकार के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
