बड़ी खबर: उत्तर प्रदेश के इस जिले में सुबह 11:30 पर ही हो जाएंगी स्कूलों की छुट्टी, बीएसए साहब का बड़ा आदेश
बहराइच। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन कर दिया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बहराइच द्वारा दिनांक 25 जून 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी बहराइच द्वारा 25 जून 2026 को प्रदान की गई अनुमति के क्रम में जनपद के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भीषण गर्मी एवं तापमान में वृद्धि के साथ-साथ उमस के दुष्प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
अब जनपद बहराइच के अंतर्गत संचालित समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा एवं अन्य सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित विद्यालय इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
संबंधित अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
इस आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना हेतु निम्न अधिकारियों को भेजी गई है—
- महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, निशातगंज, लखनऊ।
- जिलाधिकारी, बहराइच।
- मुख्य विकास अधिकारी, बहराइच।
- शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ।
- जिला विद्यालय निरीक्षक, बहराइच।
- सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), देवीपाटन मंडल, गोंडा।
- समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
- जनपद के समस्त दैनिक समाचार पत्रों को जनहित में इस सूचना का निःशुल्क प्रकाशन करने का अनुरोध किया गया है।
- कार्यालय अभिलेख हेतु प्रति सुरक्षित रखी गई है।
