बच्चों से अगर शिक्षक स्कूल में काम कराते हैं तो शिक्षकों को नोटिस मत भेजिए बल्कि उन्हें सम्मानित कीजिए मुख्यमंत्री

बच्चों से अगर शिक्षक स्कूल में काम कराते हैं तो शिक्षकों को नोटिस मत भेजिए बल्कि उन्हें सम्मानित कीजिए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में कहा कि बच्चों से अगर शिक्षक स्कूल में काम कराते हैं तो शिक्षकों को नोटिस मत भेजिए बल्कि उन्हें सम्मानित कीजिए क्योंकि बच्चों को छुई मुई नहीं बनाना है।

👇👇👇

https://youtu.be/8S9R8w93kjc?si=OM3TvBgD5yQebPrf

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसी अच्छी पहल के गलत विश्लेषण के चलते सामने आने वाली विसंगतियों को इंगित करते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों से यदा-कदा सामने आने वाली कार्रवाईयों का उल्लेख किया। रविवार को अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि के उपलक्ष्य में लखनऊ में आयोजित अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि बच्चों के अंदर अलग-अलग तरह की प्रतिभा छिपी है। हमें उनकी प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। यह शुरू होता है आत्म अनुशासन से। समय पर विद्यालय जाना, विद्यालय के परिवेश और परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में योगदान देना, उनमें बच्चों को भी प्रेरित करना चाहिए।

 

सीएम ने कहा- ‘मैं कभी-कभी भौचक रह जाता हूं और मैं मीडिया के मित्रों से भी कहूंगा कि जब बच्चे कहीं श्रमदान करते हैं तो कहते हैं कि देखो बच्चों से काम कराया जा रहा है।…अरे क्या बुरा हो रहा है? और मैं बेसिक शिक्षा परिषद से कहूंगा कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। उन्हें बुलाकर सम्मानित करना चाहिए।’

सीएम योगी ने कहा कि ऐसे शिक्षक भारत की भावी पीढ़ी का निर्माण कर रहे हैं। हर चुनौती का सामना करने के लिए उन बच्चों को तैयार कर रहे हैं। वायरल होने वाले वीडियोज के आधार पर अनावश्यक रूप से हम लोग एक्सप्लेनेशन (स्पष्टीकरण) मांगते हैं। स्पष्टीकरण नहीं मांगना चाहिए, उनको बुलाकर सम्मानित करना चाहिए कि अच्छा कर रहे हैं, बच्चों को तैयार कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि बच्चों को छुई-मुई मत बनाइए। उन्हें ऐसा तेजवान और प्रचंड बनाएं कि कोई हाथ लगाने में भी डरे। यह शिक्षा और संस्कारों से पैदा होगा। स्वच्छता को मजबूती के साथ उसके जीवन का हिस्सा बनाएं। उनके अंदर अच्छे और बुरे का भेद करने का सामर्थ्य विकसित करने का काम आप कर सकते हैं। सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में बेसिक शिक्षा परिषद ने कई सफल प्रयोग किए हैं।

 

सरकार ने भी कई व्यवस्थाएं की हैं। अब कोई नंगे पैर स्कूल नहीं आता। सरकार ने बच्चों को जूते-मोजे दिए हैं। अच्छी यूनिफार्म दी है। सर्दियों के लिए स्वेटर भी दी गई है। अभी रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं और मीडिया में चलने लग गया कि पुस्तकें नहीं मिलीं। सब मिल जाएगा। पहले बच्चों को आपस में घुलने-मिलने तो दें। खेलने-कूदने तो दें। पहले ही दिन से पुस्तक और यूनिफॉर्म नहीं मिली कहने लगे। सब मिल जाएगा। अब तो हम सीधे अभिभावक के खाते में दे रहे हैं। उसमें समय नहीं लगने वाला। तुरंत मिल जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद में आज लगभग एक करोड़ साठ लाख बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। वे भारत और इस प्रदेश का भविष्य हैं। जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में जो काम रहे हैं सबके योगदान से राष्ट्र आगे बढ़ता है। सिर्फ नेताओं के कहने पर राष्ट्र आगे नहीं बढ़ता है। सबका योगदान उसमें होता है। जब सामूहिक प्रयास होते हैं तब राष्ट्र आगे बढ़ता है। प्रगति आती है। नींव तैयार करने की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा पर आती है जिससे आप सब जुडे़ हैं। मुझे प्रसन्नता है कि कई अच्छे परिणाम आए हैं।

Leave a Comment