बड़ी खबर: भीषण गर्मी के चलते इस जिले में स्कूलों का समय बदला, डीएम ने जारी किया नया आदेश
कुशीनगर। जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी कुशीनगर ने परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में कार्यालय जिलाधिकारी, कुशीनगर की ओर से कार्यालय ज्ञापन जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित परिषदीय विद्यालयों तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों का संचालन अब प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक किया जाएगा। यह व्यवस्था विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
शिक्षकों का समय रहेगा अलग
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय पठन-पाठन का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा, जबकि प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
इस अवधि में शिक्षक एवं कर्मचारी शिक्षण कार्य के अतिरिक्त शैक्षणिक, प्रशासनिक तथा अन्य आवश्यक कार्यालयी कार्यों का भी निष्पादन करेंगे।
मान्यता प्राप्त विद्यालयों को भी दिए गए निर्देश
जिलाधिकारी ने आदेश में यह भी कहा है कि मान्यता प्राप्त विद्यालयों की विद्यालय प्रबंध समिति से जुड़े सभी पदाधिकारी भी इस समय-सारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
सभी अधिकारियों को अनुपालन के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्देशित किया है कि भीषण गर्मी को देखते हुए जारी किए गए आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। यदि आवश्यक हो तो विद्यालय प्रबंधन समिति के माध्यम से भी इस आदेश की जानकारी सभी संबंधित पक्षों तक पहुंचाई जाए।
इन अधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रति
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से आदेश की प्रति निम्न अधिकारियों एवं कार्यालयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है—
- अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन।
- महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, लखनऊ।
- शिक्षा निदेशक (बेसिक), लखनऊ।
- सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज।
- प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), कुशीनगर।
- सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), गोरखपुर मंडल।
- जिला विद्यालय निरीक्षक, कुशीनगर।
- जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कुशीनगर।
- समस्त खंड शिक्षा अधिकारी।
- सभी प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक एवं संबंधित विद्यालय।
