पत्नी का नाम सर्विस बुक में दर्ज करा दें अन्यथा परेशानी में पड़ सकते हैं आप
अमेठी। जिले के सिंहपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय कोटवा में तैनात सहायक अध्यापक अंसार अहमद पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पत्नी ने खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) को शिकायत पत्र सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में पत्नी का आरोप है कि विवाह को पांच वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद शिक्षक ने अपनी सर्विस बुक में अब तक पत्नी का नाम दर्ज नहीं कराया है। उन्होंने इसे सेवा अभिलेखों में गंभीर अनियमितता बताते हुए संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पत्नी का कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाए। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
अब विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
