स्कूलों में फर्जी पत्रकारों की एंट्री पर रोक, बीएसए बांदा का सख्त आदेश जारी

स्कूलों में फर्जी पत्रकारों की एंट्री पर रोक, बीएसए बांदा का सख्त आदेश जारी

बांदा: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) बांदा ने विद्यालयों में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले कथित पत्रकारों/मीडियाकर्मियों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ व्यक्ति खुद को पत्रकार बताकर स्कूलों में पहुंचते हैं, कक्षाओं में बच्चों की फोटो खींचते हैं और अभिलेखों की जांच के नाम पर विभागीय जानकारी मांगते हैं, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हो रही है।

जारी आदेश के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति या समूह स्वयं को पत्रकार या मीडियाकर्मी बताकर विद्यालय में प्रवेश करता है, तो सबसे पहले उससे जिला सूचना अधिकारी द्वारा जारी वैध परिचय पत्र दिखाने को कहा जाए।

यदि संबंधित व्यक्ति वैध परिचय पत्र प्रस्तुत करता है, तो उसे आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है, लेकिन किसी भी अभिलेख की फोटो खींचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वहीं, अगर कोई व्यक्ति बिना परिचय पत्र के विद्यालय में प्रवेश करता है, तो उसे विनम्रता के साथ विद्यालय से बाहर जाने के लिए कहा जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की विभागीय सूचना या दस्तावेज साझा न किए जाएं और तत्काल इसकी सूचना संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को दी जाए।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

यह आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (अवधेश राम तिवारी) द्वारा जारी किया गया है और इसकी प्रति संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है।

 

Leave a Comment