स्कूल बना ‘पिकनिक स्पॉट’! क्लासरूम में मटन-चावल पार्टी करते दिखे शिक्षक, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
जहानाबाद से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बजाय शिक्षक क्लासरूम के अंदर मटन-चावल की पार्टी करते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह मामला निहालपुर 10+2 स्कूल का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई शिक्षक एक कमरे में बैठकर मटन और चावल का आनंद ले रहे हैं। इसी दौरान मीडिया की टीम मौके पर पहुंच गई। कैमरा देखते ही शिक्षकों के चेहरे का रंग उड़ गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।
कैमरा देखते ही भाग निकले गुरुजी
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक शिक्षक सबसे पहले कैमरा बंद करवाने की कोशिश करता है। लेकिन जब रिकॉर्डिंग बंद नहीं हुई तो शिक्षक अपनी प्लेट वहीं छोड़कर मौके से निकल गया। कई अन्य शिक्षक भी कैमरे से बचते नजर आए।
सबसे हैरानी वाली बात यह रही कि जब मीडिया ने शिक्षकों से सवाल पूछने की कोशिश की तो कोई भी कैमरे के सामने बोलने को तैयार नहीं हुआ। स्कूल समय में इस तरह की पार्टी और अनुशासनहीनता पर सभी ने चुप्पी साध ली।
शिक्षा विभाग ने क्या कहा?
जब इस मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी सरस्वती कुमारी से सवाल किया गया तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो करीब चार दिन पुराना है और मामले की जांच कराई जा रही है।
साथ ही स्कूल के प्रिंसिपल को शो-कॉज नोटिस जारी करने की बात भी कही गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में भारी नाराजगी
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके के ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जहां सरकार शिक्षा व्यवस्था सुधारने की बात कर रही है, वहीं कुछ शिक्षक स्कूल को पिकनिक स्पॉट बनाकर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
अब सबकी नजर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर इन शिक्षकों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।