शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों तथा अनुदेशकों को लेकर BSA साहब की तरफ से आया बड़ा व महत्वपूर्ण आर्डर
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) लखनऊ ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में संचालित स्कूल चलो अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने के लिए सभी समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों (ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र) को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक (पूर्व माध्यमिक) विद्यालयों में नामांकन अभियान को तेज गति से चलाया जाएगा। इसके लिए डीबीटी (DBT), यू-डायस (U-DISE) एवं प्रेरणा पोर्टल से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएंगे।
घर-घर जाकर बच्चों का कराया जाएगा नामांकन
बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों तथा अनुदेशकों द्वारा बाल वाटिका से संपर्क कर 5 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का अनिवार्य रूप से नामांकन कराया जाए। इसके साथ ही ईंट-भट्ठों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा अन्य वंचित बस्तियों में रहने वाले बच्चों को भी विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
आदेश में कहा गया है कि जिन परिषदीय विद्यालयों में 10 से कम छात्र-छात्राओं का नामांकन है, वहां नामांकन संख्या बढ़ाने के लिए सभी संबंधित कार्मिक पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें तथा प्रेरणा पोर्टल पर आवश्यक विवरण भी समय से अपडेट करें।
शुक्रवार और शनिवार विद्यालय न आने वाले शिक्षकों पर सख्ती
बीएसए ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि जो शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक बीएलओ (BLO) ड्यूटी के कारण शुक्रवार एवं शनिवार को विद्यालय नहीं आ पाते हैं, उन्हें तत्काल निर्देशित किया जाए कि वे शेष समय में विद्यालय पहुंचकर पठन-पाठन, नए नामांकन तथा स्कूल चलो अभियान से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहयोग दें।
आदेश में कहा गया है कि वर्तमान समय में विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं विशेष शिक्षक स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नामांकन, डीबीटी, यू-डायस तथा प्रेरणा पोर्टल से संबंधित कार्यों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें।
इन अधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रति
बीएसए कार्यालय द्वारा जारी पत्र की प्रतिलिपि निम्न अधिकारियों एवं कार्यालयों को भी प्रेषित की गई है—
- राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ
- जिलाधिकारी, लखनऊ
- मुख्य विकास अधिकारी, लखनऊ
- निदेशक, बेसिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ
- मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), षष्ठ मंडल, लखनऊ
- समस्त एबीएसए, शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों को अनुपालनार्थ
- कार्यालय प्रति
