शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को लेकर बड़ा आदेश, 3 दिनों में पूरा करना होगा यह काम
उन्नाव जिले में यू-डायस 2026-27 पोर्टल और मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों की संख्या में अंतर मिलने के बाद बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उन्नाव शैलेश कुमार पाण्डेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर सत्यापन और संशोधन कार्य पूरा कराने के आदेश दिए हैं।
कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उन्नाव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार यू-डायस पोर्टल के टीचर मॉड्यूल पर विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक का विवरण दर्ज किया जाना है। लेकिन मानव संपदा पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों से इनका सही मिलान नहीं हो पा रहा है।
जांच में यह सामने आया कि कई विद्यालयों में यू-डायस पोर्टल और मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज कुल शिक्षक संख्या अलग-अलग दिखाई दे रही है। इससे रिकॉर्ड सत्यापन और विभागीय कार्यों में परेशानी उत्पन्न हो रही है।
इसी को देखते हुए बीएसए ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यू-डायस 2026-27 में दर्ज टीचर प्रोफाइल तथा मानव संपदा पोर्टल पर अंकित शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक के विवरण का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया तीन दिनों के भीतर पूरी कराई जाए।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी विद्यालयों के आंकड़ों को अपडेट कर दोनों पोर्टलों पर कुल शिक्षक संख्या की एकरूपता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक समस्या न उत्पन्न हो।
यह आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उन्नाव द्वारा जारी किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि वित्त एवं लेखाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) तथा सभी प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज शिक्षकों को भी भेजी गई है।
