UP School Closed: लखनऊ के स्कूलों में शुरू हुई गर्मियों की छुट्टियां, 16 जून से फिर खुलेंगे विद्यालय
लखनऊ। राजधानी के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बुधवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश 15 जून तक प्रभावी रहेगा, जबकि 16 जून से सभी विद्यालयों में दोबारा शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा। छुट्टियों से पहले अंतिम दिन स्कूलों में विद्यार्थियों को होमवर्क और वर्कबुक का कार्य देकर पढ़ाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
लखनऊ में संचालित लगभग 1610 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में यह अवकाश लागू किया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में विभागीय आदेश के तहत ग्रीष्मकालीन अवकाश लागू कर दिया गया है।
अवकाश समाप्त होने के बाद 16 जून से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। वहीं 1 जुलाई से 15 जुलाई तक “स्कूल चलो अभियान” चलाया जाएगा, जिसके तहत नए विद्यार्थियों के नामांकन, जागरूकता रैली और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
छुट्टियों से पहले शिक्षकों ने बच्चों को पढ़ाई से जुड़े अभ्यास कार्य भी दिए हैं ताकि गर्मी की छुट्टियों के दौरान उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। बरिगवां प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका वंदना तिवारी ने बताया कि बच्चों को वर्कबुक में अभ्यास कार्य दिया गया है और अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे छुट्टियों में बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें।
हालांकि विद्यार्थियों को छुट्टी मिल गई है, लेकिन शिक्षकों की जिम्मेदारियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। विभाग द्वारा कई शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, जिसके चलते वे अवकाश के दौरान भी विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त रहेंगे। वहीं माध्यमिक विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 21 मई से शुरू होगा।