UP Teacher News : मैनपुरी में टीचर ने शिक्षक पति पर लगाए गंभीर आरोप दहेज उत्पीड़न और 3 माह के बेटे को छीनने की शिकायत, SP से कार्रवाई की मांग

UP Teacher News : मैनपुरी में टीचर ने शिक्षक पति पर लगाए गंभीर आरोप:दहेज उत्पीड़न और 3 माह के बेटे को छीनने की शिकायत, SP से कार्रवाई की मांग

मैनपुरी की एक सहायक अध्यापिका ने अपने शिक्षक पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, आर्थिक शोषण किया गया तथा उनके तीन माह के दुधमुंहे बेटे को भी उनसे अलग कर दिया गया है। पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना भोगांव क्षेत्र के ग्राम मुरली नगर निवासी पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व उनकी शादी आशीष राजपूत से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता के अनुसार, 16 मई 2026 को उनके पति ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि पति ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और कान के कुंडल खींचने से उनका कान फट गया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। पीड़िता का आरोप है कि सभी ने अतिरिक्त दहेज में कार की मांग की और कहा कि कार मिलने तक उन्हें घर में नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पेट में लात मारने से ऑपरेशन के टांकों में सूजन आ गई, जिससे अब भी उन्हें दर्द हो रहा है।

अध्यापिका ने आरोप लगाया कि उनके पति ने उनका मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर एचडीएफसी बैंक खाते से लगभग 15 लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा प्लॉट खरीदने का झांसा देकर उनके नाम पर करीब 18 लाख रुपये का पर्सनल लोन भी कराया गया, लेकिन खरीदी गई संपत्ति अपनी मां के नाम दर्ज करा दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके शैक्षिक दस्तावेज छिपा दिए गए हैं और उन पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि उनका पति दूसरी शादी करना चाहता है और तीन माह के दुधमुंहे बेटे को भी अपने पास रखे हुए है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बच्चे को वापस दिलाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Comment