Viral Video:- घोड़े पर सवार होकर जनगणना करने निकले शिक्षक, ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनी अनोखी पहल
झारखंड के गढ़वा ज़िला में एक शिक्षक इन दिनों अपनी अनोखी पहल को लेकर खूब चर्चा में हैं। मुन्ना प्रसाद गुप्ता नाम के शिक्षक जनगणना का काम करने के लिए अब मोटरसाइकिल नहीं, बल्कि घोड़े का सहारा ले रहे हैं। ग्रामीण इलाकों की कठिन और कच्ची सड़कों पर आसानी से पहुंचने के लिए उन्होंने अपनी बाइक घर पर खड़ी कर दी और घोड़े को ही अपनी नई “सवारी” बना लिया।
Video 👇 👇
मुन्ना प्रसाद गुप्ता रोजाना घोड़े पर सवार होकर गांव-गांव पहुंच रहे हैं और लोगों से जनगणना से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं। दूर-दराज के इलाकों में जहां सड़कें खराब हैं और वाहन ले जाना मुश्किल होता है, वहां घोड़े से पहुंचना उनके लिए आसान साबित हो रहा है।
शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता का कहना है कि जनगणना का काम बेहद जिम्मेदारी वाला है और हर घर तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कई गांव ऐसे हैं जहां बाइक से जाना मुश्किल होता है, इसलिए उन्होंने पारंपरिक तरीके को अपनाया। उनका मानना है कि इससे समय की बचत भी हो रही है और ग्रामीणों से बेहतर संपर्क बन पा रहा है।
वहीं ग्रामीण भी शिक्षक की इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आज के आधुनिक दौर में घोड़े पर बैठकर सरकारी काम करना अपने आप में अलग और प्रेरणादायक पहल है। गांव के बच्चे और बुजुर्ग भी उन्हें उत्सुकता से देखते हैं और कई लोग उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से वायरल हो रही है। लोग शिक्षक की मेहनत, समर्पण और काम के प्रति लगन की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि सरकारी काम को ईमानदारी और जुनून के साथ करने का यह शानदार उदाहरण है।