जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संगठन ने जनगणना ड्यूटी से इंकार किया है। उनका कहना है कि वे अपने मोबाइल से जनगणना का कार्य नहीं करेंगे। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर जनगणना कार्य का पूर्ण बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद थापा और महामंत्री जगवीर खरोला ने कहा कि जनगणना के लिए शिक्षकों को अपने मोबाइल पर ऐप डाउनलोड करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इसके लिए चार जीबी रैम और आठ जीबी स्टोरेज वाले फोन की शर्त रखी गई है।
शिक्षक नेताओं का कहना है कि शिक्षक अपने निजी मोबाइल और सिम का उपयोग सरकारी कार्य के लिए नहीं करेंगे। यदि सरकार यह कार्य कराना चाहती है तो वह मोबाइल, सिम और डेटा उपलब्ध कराए।
विनोद थापा ने यह भी कहा कि यदि सरकार शिक्षकों को बिना टीईटी उत्तीर्ण किए शिक्षण के लिए योग्य नहीं मानती, तो फिर उन्हें डिजिटल जनगणना के लिए योग्य कैसे मान लिया गया।